चेहरे पर तेजाब फेंककर आरोपी फरार, हालत नाजुक..
साजु चाको, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कॉलेज जा रही एक युवती के चेहरे पर अज्ञात युवक एसिड फेंक कर फरार हो गया । इस हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र, बालोद की है। जानकारी के अनुसार, कालेज छात्रा लाइब्रेरी से कॉलेज जा रही थी, तभी एक अज्ञात युवक ने उसके चेहरे पर एसिड फेंक दिया। अचानक हुये इस हमले के बाद, लड़की की चीख पुकार से इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद घायल युवती को उपचार के लिये जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुये रायपुर रेफर किया गया।
सफेद शर्ट पहनकर जंगल की ओर भागा आरोपी
एडिशनल एसपी चन्द्रकांत गवर्ना ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, हमलावर सफेद रंग की शर्ट और काले रंग का पेंट पहने हुये था, जो घटना कारित करने के बाद तांदुला बांध के जंगलों की ओर भागा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी तक पहुंचने के लिये संभावित सुराग जुटाये जा रहे हैं।
बालोद में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने इस तरह की आपराधिक गतिविधि को अक्षम्य निंदनीय कृत्य बताया है।
