गरियाबंद। लगातार हो रही बारिश के बीच वन विभाग परिसर में विशालकाय वृक्षों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को परिसर में स्थित एक महानीम का विशाल वृक्ष अचानक वन विभाग की बोलेरो वाहन पर गिर पड़ा, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। संयोगवश इस बार कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि विभाग को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व इसी फॉरेस्ट कॉलोनी में एक रिहायशी क्वार्टर पर नीलगिरी का विशाल वृक्ष गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी। उस हादसे के बाद भी वन विभाग द्वारा जोखिमपूर्ण और जर्जर वृक्षों की समय रहते पहचान कर उन्हें हटाने की प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे लगातार खतरा बना हुआ था।

ताजा घटना के बाद विभाग हरकत में आया है। वन विभाग ने परिसर में मौजूद जर्जर एवं जोखिमपूर्ण वृक्षों की कटाई-छंटाई का कार्य शुरू कर दिया है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़े हादसे से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहले ही खतरा पैदा कर रहे वृक्षों को हटाने की कार्रवाई कर ली जाती, तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता था।
There is no ads to display, Please add some
