उद्यानिकी कृषि से प्रेरित किसान चंद्रशेखर नायक ने अपनाई नई कृषि पद्धति : अब मुनाफा ही मुनाफा

किरीट ठक्कर, गरियाबंद। शुरुवात में देवभोग ब्लॉक के ग्राम करचिया निवासी किसान चंद्रशेखर नायक को आस – पास के लोगों ने सब्जियों एवं अन्य फसलों की खेती करने से मना किया, कहा गया कि इससे अधिक फायदा नहीं होगा।

किन्तु पारंपरिक धान की खेती से नायक को कोई विशेष आमदनी नही होती रही थी। चंद्रशेखर नायक कहते हैं कि उनकी पारिवारिक 5 एकड़ की जमीन में पूर्वज काल से धान की खेती की जा रही थी, किन्तु कड़ी मेहनत के बाद भी ज्यादा आय अर्जित नही कर पाते थे।

इस दौरान नायक, उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों / कर्मचारियों के संपर्क में आये, और उनके द्वारा दिये गये सुझावों के आधार पर उद्यानिकी फसल लगाने का मन बनाया, जिसके बाद 10 डिसमिल में सब्जी उगाना शुरू किया। सब्जियों की बिक्री के लिये उन्हें कही दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ी। स्थानीय बाजार में ही उन्हें अच्छा प्रतिसाद मिलने लगा।

परिवर्तित फसल से जब अच्छा लाभ मिलने लगा तब, कृषक चंद्रशेखर नायक ने अपनी पूरी 5 एकड़ भूमि में शेडनेट पद्धति से स्ट्रॉबेरी का फल, मुनगा, टमाटर, बैगन, नींबू, लौकी सहित अनेक प्रकार की सब्जियों की खेती को अपनाया। 

कृषक चंद्रशेखर नायक के खेतों का अवलोकन

वर्तमान में नायक उद्यानिकी अधिकारी के मार्गदर्शन में, 5 एकड़ में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल पाम की खेती कर रहे हैं, जिसके लिये उद्यानिकी विभाग द्वारा उन्हें अनुदान भी प्रदान किया गया है।

उद्यानिकी फसलों से आय में वृद्धि के बाद नायक, अपने बच्चों को उद्यानिकी कृषि पाठ्यक्रम आधारित उच्च शिक्षा के लिये प्रेरित कर रहे हैं। विगत दिनों जिले के कलेक्टर बी एस उइके, एसपी वेदांत सिरमौर तथा अन्य अधिकारियों ने चंद्रशेखर नायक के खेतों का भ्रमण और उद्यानिकी फसलों का अवलोकन किया साथ ही उनकी मेहनत लगन व निर्णय की सराहना की।

You cannot copy content of this page