560 किलो से अधिक गांजा और 190 नशीली गोलियों का नष्टीकरण
गरियाबंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुये विभिन्न प्रकरणों में जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के 34 प्रकरणों में जब्त 560.680 किलो गांजा तथा 2 प्रकरणों में जब्त 190 नग नशीली टेबलेट को विधिसम्मत तरीके से नष्ट कराया।
यह कार्रवाई रायपुर स्थित जायसवाल निको स्टील पावर प्लांट के फर्नेस में की गई, जहां जब्त मादक पदार्थों को जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। इस प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया, साथ ही छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से भी विधिवत अनुमति ली गई थी।
नष्टीकरण की इस प्रक्रिया के दौरान जिला औषधि निपटारा समिति गरियाबंद के अध्यक्ष एवं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल तथा सदस्य जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। समाज में फैल रही नशे की प्रवृत्ति को रोकने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से बचाने के लिये पुलिस की यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।







