जिले के लगभग 6 लाख राशन कार्ड धारकों के ई-केवाईसी पूर्ण
शेष 41 हजार राशन कार्ड धारकों को 31 मार्च तक ई-केवाईसी पूर्ण करने की अपील
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समस्त राशनकार्डधारी परिवारों के सदस्यों का ई-केवाईसी करने का कार्य विगत दो वर्षों से किया जा रहा है। जिले में कुल 6 लाख 63 हजार 498 राशनकार्डधारी सदस्यों में से 5 लाख 98 हजार 793 सदस्यों का ई-केवाईसी पूर्ण किया जा चुका है। जबकि 41 हजार 606 सदस्यों का ई-केवाईसी कराया जाना शेष है।
खाद्य अधिकारी अरविन्द कुमार दुबे ने बताया कि राशनकार्डधारी सदस्य अपना ई-केवाईसी नजदीकी उचित मूल्य दुकान में जाकर विक्रेता के माध्यम से करवा सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, हितग्राही गूगल प्ले स्टोर से मेरा ई-केवाईसी एप डाउनलोड कर अपने एंड्रायड मोबाइल के माध्यम से स्वयं भी किसी भी स्थान से फेस ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। ई-केवाईसी की प्रक्रिया के तहत आधार नंबर से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के सत्यापन के पश्चात फेस स्कैन किया जाता है। जिससे ई-केवाईसी पूर्ण हो जाता है।
खाद्य अधिकारी दुबे ने जिले के सभी राशनकार्डधारी परिवारों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि 31 मार्च तक अपने परिवार के सभी शेष सदस्यों का ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूर्ण करा लें, ताकि राशन सामग्री प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।







