पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण..
गरियाबंद । पीएम जनमन योजना के तहत गरियाबंद जिले में कमार जनजाति की बसाहटों को जोड़ने के लिये बनाई जा रही सड़कों की गुणवत्ता पर शासन ने सख्ती दिखाई है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव तथा छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के सह मुख्य कार्यपालन अधिकारी भीम सिंह ने शुक्रवार को निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने रक्सा-कमारपारा (1.57 किमी), गुंडरदेही मुख्य मार्ग-कमारपारा-बामनदेही (1.55 किमी) तथा खैरझिटी-कमारपारा वाया भेंड्री (1.95 किमी) सड़कों का जायजा लिया।
रक्सा-कमारपारा सड़क में गुणवत्ता संबंधी कमियां और शोल्डर की चौड़ाई निर्धारित मापदंडों के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित सहायक अभियंता, उप अभियंता और ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। साथ ही तत्काल सुधार करने को कहा। अन्य दो सड़कों का निर्माण संतोषजनक पाया गया।
सचिव ने भेंड्री-खैरझिटी मार्ग पर निर्माणाधीन 30 मीटर लंबे पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में निर्माण पूरा करने के निर्देश दिये।
इस दौरान फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम देवरी में प्रज्ञा स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण कर महिलाओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पीएम जनमन के हितग्राही कमार जनजाति के लोगों से संवाद कर सड़क, पुल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी सुनीं। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता बलवंत पटेल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
