गरियाबंद। जिले के ओडिसा सीमा क्षेत्र से लगे थाना क्षेत्रों में दीगर राज्य से आने वाले धान के अवैध परिवहन तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिये, बार्डर के चेक पोस्ट में तैनात पुलिस बल द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है।
इसी कड़ी में बुधवार 31 दिसम्बर को,थाना देवभोग,थाना अमलीपदर एवं इंदागांव के द्वारा धान के अवैध परिवहन एवं बिक्री करते 06 अलग-अलग कार्यवाही करते हुये 06 प्रकरणों में कुल 1515 कट्टा 606 क्विंटल कीमती 18 लाख 78 हजार 600 सौ रूपये का अवैध धान जप्त किया गया है।
वर्ष के आखिरी दिन मुखबिर की सूचना पर थाना देवभोग के द्वारा उडीसा की ओर से देवभोग क्षेत्र में अवैध धान के परिवहन की सूचना तस्दीक होने के पश्चात पुलिस की अलग-अलग टीम घटना स्थल की ओर रवाना की गई।

पुलिस के द्वारा घटना स्थल से अवैध धान भरा हुआ ट्रक क्रमांक सीजी.08-एल-3919 में 400 कट्टा एवं बिना नम्बर प्लेट 407 मेटाडोर में 100 कट्टा साथ ही ट्रैक्टर क्रमांक सीजी-23-एच-0697 में 60 कट्टा इस प्रकार कुल 560 कट्टा (224 कि्ंवटल) अवैध धान जप्त किया गया।
एक दूसरी कार्यवाही में थाना इंदागांव द्वारा ओडिसा की ओर से दो ट्रक इंदागांव क्षेत्र में अवैध रूप से धान परिवहन एवं बिक्री की सूचना पर, दो अलग-अलग पुलिस टीम भेज कर घटना स्थल से ट्रक क्रमांक सीजी-04-जे-8761 में 405 कट्टा व ट्रक क्रमांक सीजी 07-एयू-2668 में 500 कट्टा कुल 905 कट्टा (362 कि्ंवटल) अवैध धान को जप्त किया गया।
इसी क्रम में थाना अमलीपदर को मुखबीर से सूचना मिली की ओडिसा की ओर से एक बोलेरो पिकअप में अवैध रूप से धान परिवहन कर बिक्री करने के लिये थाना इंदागांव क्षेत्र में जा रहा है। सूचना की तस्दीक पर थाना अमलीपदर से स्टाफ रवाना कर घटना स्थल से एक बोलेरो पीकअप वाहन क्रमांक सीजी 11-ए-3978 में 50 कट्टा अवैध से भर कर कर बिक्री हेतु परिवहन करते पाया गया।
आपको बता दें विगत एक माह, 22 दिवस में ओडिसा सीमा क्षेत्र के पुलिस थानों द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाकर, धान के अवैध परिवहन एवं बिक्री करते अलग-अलग कुल 56 प्रकरणों में 6778 कट्टा 2911.5 कि्ंवटल अवैध परिवहन एवं बिक्री करते हुये पकड़ा गया है। धान के परिवहन एवं बिक्री करने के संबंध में वैध कागजात मांगने पर किसी भी प्रकार का कागजात पेश नही करने पर अवैध धान परिवहन के संबंध में कार्यवाही कर संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया।







