वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग
गरियाबंद। जिला मुख्यालय में आज कोटवार एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के बैनर तले कोटवार अपनी छह सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपते हुए वर्षों से लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
कोटवार एसोसिएशन की सबसे प्रमुख मांग है कि प्रदेश के कोटवारों को नियमित कर राजस्व विभाग में संविलियन किया जाये। संगठन का कहना है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारी का दर्जा नहीं मिला है।
इसके अलावा कोटवारों ने वर्तमान पारिश्रमिक को महंगाई के अनुरूप बढ़ाते हुये न्यूनतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह किये जाने की मांग उठाई है।

कोटवार संघ के जिला अध्यक्ष धनेश जगत ने कोटवार भर्ती में कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने और सेवा में कार्यरत कोटवारों के परिवार के सदस्यों को नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग भी की है।
मांग पत्र में यह भी कहा गया है कि झूठी शिकायतों के आधार पर बिना निष्पक्ष जांच और पक्ष सुने कोटवारों पर कार्रवाई न की जाये।
इसके साथ ही राजस्व अधिकारियों द्वारा कोटवारों से अनावश्यक बेगारी कराये जाने पर रोक लगाने तथा नगर पालिका और नगर निगम क्षेत्रों में कोटवारों की नियुक्ति पर लगे प्रतिबंध को तत्काल हटाने की मांग भी प्रमुख रूप से शामिल है।
There is no ads to display, Please add some
