पटवारी ने मांगी घुस की रकम और साथ में बीयर : तत्काल प्रभाव से निलंबित, छुरा राजस्व अनुभाग में बड़ी फेरबदल

पटवारी ने पूरी ईमानदारी से कबूल किया कि घुस का पैसा ऊपर तक यानी आर आई तहसीलदार को भी देना पड़ता है। गनीमत रही..

396516042026092852WhatsApp-Image-2026-04-16-at-2.55.46-PM

एसडीएम जिला कार्यालय अटैच : तहसीलदार और आर आई को भी नोटिस जारी

गरियाबंद। जिले में कुछ शासकीय कर्मियों द्वारा भ्रष्टाचार को शिष्टाचार बनाकर सिस्टम में डालने की पुरजोर कोशिश की जा रही है किन्तु लोग हैं कि इस तरह कुछेक शासकीय कर्मियों की अतिरिक्त आय की मंशा पर अवरोध उत्पन्न कर रहे हैं। लिखित शिकायत के बाद जांच जांच के खेल से उक्ता चुकी जनता अब मोबाईल पर भ्रष्टाचार घूसखोरी की डिमांड के ऑडियो वीडियो क्लिप उजागर कर रही है, और कुछ अधिकारियों / कर्मचारियों के अतिरिक्त आमदनी के सपनों को तोड़ रही है।

कुछ ऐसा ही मामला राजस्व विभाग छुरा के एक पटवारी का भी सामने आया है। बताया जा रहा है की नकल और नक्शा काटने जैसे सामान्य सरकारी कार्य के एवज में एक पटवारी द्वारा हितग्राही से लंबी रकम और बीयर की बोतल की मांग कर दी और वो भी मोबाइल पर ?

पीड़ित को, पटवारी की इस तरह की डबल मांग नागवार गुजरी, फलतः उसने पटवारी से मोबाइल पर की गई वार्तालाप और लेनदेन की वीडियो ना सिर्फ रिकॉर्ड कर ली बल्कि वाइरल भी कर दी।

बताया जाता है कि इस वार्तालाप में पटवारी ने पूरी ईमानदारी से कबूल किया कि घुस का पैसा ऊपर तक यानी आर आई तहसीलदार को भी देना पड़ता है। गनीमत रही कि इस बंदरबांट में उसने अन्य उच्च अधिकारियों का नाम नही लिया ?

पिछले लंबे समय से छुरा राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार और घूसखोरी की शिकायत चल रही थी। किन्तु पटवारी (हल्का क्रमांक 28 दूल्ला एवं 36 केवटीझर) खेमचंद साहू के द्वारा ऑन मोबाइल खुलमखुला रकम और बियर की मांग ने अच्छे अच्छों को शर्मसार कर दिया। फलतः मामले की गंभीरता के आधार पर कलेक्टरबीएस उइके द्वारा छुरा राजस्व विभाग में बड़ा फेर बदल कर दिया गया है।

कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम छुरा डिप्टी कलेक्टर सुश्री अंजली खलखो को जिला कार्यालय अटैच कर दिया गया है और उनके स्थान पर राजिम एसडीएम विशाल कुमार महाराणा को छुरा अनुविभाग का अतिरिक्त प्रभार सौपा गया है। हालांकि इस फ़ेरबदल का कारण प्रशासनिक दृष्टिकोण बताया गया है।

वही दूसरी तरफ पटवारी खेमचंद साहू को, रिश्वत के गंभीर आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

इसके साथ ही साथ तहसीलदार छुरा एवं आर आई को भी नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण की मांग की गई है।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page