गरियाबंद में झमाझम बारिश से कही राहत, कही आफत : बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों को निकाला गया

आज आषाढ़ मास का पांचवा दिन है और लगातार हो रही अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे किसानों के..

IMG-20260705-WA0041

गरियाबंद। जिले में शनिवार रात से लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। रुक-रुककर शुरू हुई वर्षा देर रात से दोपहर तक रही, जिससे पूरे जिले में ठंडक घुल गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है ।

आज आषाढ़ मास का पांचवा दिन है और लगातार हो रही अच्छी बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। लंबे समय से अच्छी वर्षा का इंतजार कर रहे किसानों के लिये यह बारिश किसी सौगात से कम नहीं है। अब धान की बुआई, रोपाई सहित अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। किसान पूरे उत्साह के साथ खेतों की तैयारी में जुट गये हैं।

बारिश से ग्रामीण क्षेत्रों में भी रौनक लौट आई है। खेत-खलिहान पानी से लबालब होने लगे हैं, जिससे खरीफ फसलों के लिये अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी तरह संतुलित वर्षा होती रही तो इस वर्ष फसल उत्पादन बेहतर रहने की संभावना है।

आफत .. बाढ़ में फंसे 14 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया

जिले के विकासखंड छुरा के अंतिम वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम बीजापाल में शनिवार रात बारिश की वजह स्थिति गंभीर हो गई।

बगनई नदी में रेस्क्यू

जिले की सीमा रेखा पर निर्माणाधीन पुल के कार्य में लगे 14 मजदूर बगनई नदी में अचानक आई तेज बाढ़ की वजह से बीच नदी में फंस गये,लगातार बारिश से नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद मजदूरों के सामने जान बचाने का संकट खड़ा हो गया। ऐसे में सभी मजदूरों ने नदी किनारे मौजूद एक पेड़ पर चढ़कर पूरी रात गुजारी।

जानकारी मिलते ही गरियाबंद व महासमुंद जिला प्रशासन की राहत बचाव टीम की सक्रियता से सभी मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page