स्कूल परिसर से हटाया गया जिला परिवहन कार्यालय : अब इंडोर स्टेडियम में संचालित होगा

पिछले लगभग पांच वर्षों से विद्यालय परिसर स्थित जिला ग्रंथालय भवन में परिवहन कार्यालय संचालित हो रहा था..

IMG-20260506-WA0023

किरीट ठक्कर, गरियाबंद। पिछले लगभग पांच वर्षों से विद्यालय परिसर स्थित जिला ग्रंथालय भवन में संचालित हो रहे जिला परिवहन कार्यालय को अब स्थान्तरित कर दिया गया है। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय परिसर में संचालित जिला परिवहन कार्यालय को हटाने के निर्देश जिला प्रभारी सचिव आर.संगीता ने दिये थे । इसी सत्र मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में विद्यालय के औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को पांच दिवस के भीतर कार्यालय को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिये थे। ताकि स्कूल का शैक्षणिक माहौल प्रभावित न हो।

मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में प्रभारी सचिव द्वारा इस स्कूल का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रशांत मानिकपुरी सहित अन्य सदस्यों ने प्रभारी सचिव के समक्ष विद्यालय परिसर में संचालित परिवहन कार्यालय का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। समिति ने बताया था कि पिछले लगभग पांच वर्षों से विद्यालय परिसर स्थित जिला ग्रंथालय भवन में परिवहन कार्यालय संचालित हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गतिविधियों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।

प्रभारी सचिव आर.संगीता ने मामले को गंभीरता से लेते हुये तत्समय कहा था, कि विद्यालय परिसर का उपयोग केवल शिक्षा से जुड़े कार्यों के लिये ही होना चाहिये। किसी भी प्रकार की बाहरी या प्रशासनिक गतिविधि से विद्यार्थियों के शैक्षणिक वातावरण पर प्रभाव पड़ता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल परिवहन कार्यालय संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये थे ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 में जिला ग्रंथालय भवन बनकर तैयार हुआ था। 15 जनवरी 2021 को पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा इस भवन को शिक्षा विभाग को हस्तांतरित किया गया। इसके करीब आठ महीने बाद, 29 सितंबर 2021 को तत्कालीन कलेक्टर ने जिला ग्रंथालय भवन को अस्थायी तौर पर जिला परिवहन कार्यालय के संचालन हेतु आबंटित कर दिया था । तब से यह कार्यालय यहीं संचालित हो रहा था।

अब जाकर कलेक्टर बीएस उइके के निर्देश पर परिवहन कार्यालय का स्थानांतरण इंडोर स्टेडियम के निकट प्रशासनिक भवन में किया गया है। बताया जा रहा है उक्त कार्यालय भवन का स्थान परिवर्तन प्रशासनिक दृष्टिकोण से कलेक्टर उइके के निर्देशानुसार किया गया है।

अब जिला परिवहन कार्यालय 04 मई 2026 से अस्थायी रूप से इंडोर स्टेडियम के निकट रिक्त प्रशासनिक भवन में संचालित होगा। भवन का आंबटन अस्थायी रूप से किया गया है।


There is no ads to display, Please add some

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page