अमृत भारत स्टेशन योजना : बालोद रेलवे स्टेशन का भव्य लोकार्पण

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से पुनर्विकसित बालोद रेलवे स्टेशन सहित देशभर के कई आधुनिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया।

IMG-20260717-WA0100

आधुनिक सुविधाओं से हुआ कायाकल्प

साजु चाको, बालोद। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बालोद रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से पुनर्विकसित बालोद रेलवे स्टेशन सहित देशभर के कई आधुनिक रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक स्वरूप से सुसज्जित किया गया है,जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

लोकार्पण समारोह के अवसर पर बालोद रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन,वरिष्ठ नागरिक चेमन देशमुख,कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा,पुलिस अधीक्षक,मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), रेलवे विभाग के वरिष्ठ अधिकारी,जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिये आधुनिक एवं विशाल वेटिंग हॉल,ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM), उन्नत टिकट काउंटर, बेहतर पेयजल व्यवस्था,आधुनिक साइनेज, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली,आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर तथा दिव्यांगजन के लिए विशेष सुविधाये विकसित की गई हैं। स्टेशन परिसर में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाने वाली कलाकृतियां भी स्थापित की गई हैं,जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा, समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक,स्कूली छात्र-छात्राएं एवं रेलवे यात्री भी शामिल हुये और स्टेशन के नये स्वरूप का अवलोकन किया।

बालोद रेलवे स्टेशन के इस आधुनिकीकरण से न केवल यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सुविधायें मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने स्टेशन के आधुनिक स्वरूप की सराहना करते हुये इसे बालोद जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्य खबरें

You cannot copy content of this page