साजु चाको, बालोद। सोमवार की सुबह जिले के आदिवासियों ने बालोद कलेक्ट्रेट का घेराव कर दिया। सर्व आदिवासी समाज द्वारा, बाबा बालक दास के आदिवासी जमीन पर अवैध कब्जे और आदिवासियों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने तथा बाबा बालक दास के अवैध गैर कानूनी गतिविधियों मे शामिल होने के आरोप में कार्यवाही की मांग की गई।

इतना ही नहीं बाबा पर गांजा और लकड़ी तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाते हुये एफआईआर की मांग भी की गई।
कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान सर्व आदिवासी समाज के लोग बाबा के अवैध जमीन कब्जे पऱ बुलडोजर चलाने की मांग पर अड़ गये। पुलिस को भीड़ का आक्रोश नियंत्रित करने बेरिकेटिंग और वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।

इस सबके बावजूद भीड़ बेरिकेटिंग हटा कर कलेक्ट्रेट में प्रवेश कर गई और वहां धरने पर बैठकर कलेक्टर से सीधे आमने सामने बात करने की मांग पर अड़ गयी । बताया जा रहा है कि देर शाम तक धरना जारी रहा।
मिली जानकारी के अनुसार जब प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कलेक्टर नही पहुंचे तब प्रदर्शनकारी आदिवासियों ने इसे प्रशासनिक सुस्त रवैय्या निरूपित किया और कलेक्टर परिसर में ही चूल्हा बनाकर भोजन बनाने की कवायद करने लगे।
बाद में अपर कलेक्टर द्वारा आदिवासियों की मांगों पर गंभीरता दिखाई गई और बाबा के अवैध निर्माण कार्यों पर रोक लगाने के आदेश जारी किये गये,तथा अन्य मांगों पर शीघ्र जांच का आश्वासन दिया गया।







