Oplus_16908288
किरीट ठक्कर, गरियाबंद। दीगर राज्य से छत्तीसगढ़ में अवैध रूप से लाये जा रहे धान के परिवहन एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिये गरियाबंद पुलिस द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को लगातार बड़ी सफलता मिल रही है। विगत एक माह पांच दिनों में जिले में कुल 1375.05 क्विंटल अवैध धान, जिसकी अनुमानित कीमत 42 लाख 62 हजार 655 रुपये है, जब्त किया गया है।

पुलिस द्वारा इस अवधि में 30 चार पहिया वाहनों एवं 04 लावारिस मामलों सहित कुल 34 प्रकरणों में कार्रवाई की गई है। जब्त किये गये धान को वैधानिक कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को सुपुर्द किया गया है।
आज भी की गई कार्रवाई
दिनांक 14 दिसंबर 2025 की कार्रवाई के दौरान थाना अमलीपदर एवं थाना देवभोग पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुये कुल 120 कट्टा (48 क्विंटल) अवैध धान, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 48 हजार 800 रुपये है, जब्त किया।
थाना अमलीपदर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा की ओर से बोलेरो पीकअप वाहन क्रमांक ओ.डी.-24जी-2364 में अवैध रूप से धान भरकर बिक्री हेतु परिवहन किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन पर पुलिस ने मौके से वाहन सहित 60 कट्टा (24 क्विंटल) धान, जिसकी कीमत 74 हजार 400 रुपये है, जब्त किया है।
इसी तरह थाना देवभोग पुलिस ने बोलेरो पीकअप वाहन क्रमांक सी.जी.04-के.आर.-5824 से ओडिशा मार्ग से लाया जा रहा 60 कट्टा (24 क्विंटल) अवैध धान, कीमत 74 हजार 400 रुपये, जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीमावर्ती क्षेत्रों एवं चेक पोस्टों पर तैनात पुलिस बल द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। छत्तीसगढ़ शासन के प्रावधानों के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदी केवल पंजीकृत किसानों से ही की जा सकती है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर अवैध धान परिवहन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।







