सीमा पर तैनात जवानों के पिता के साथ अमानवीय बर्बरता : गौ तस्करी के शक में नंगा कर पीटा, पेशाब करते वीडियो वायरल
विनोद नेताम, बालोद। छत्तीसगढ़ में तथाकथित गौ-सेवा की आड़ में कानून को हाथ में लेने का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। सीमा पर देश की रक्षा में तैनात दो जवानों के पिता को कुछ असामाजिक तत्वों ने गौ तस्करी का आरोप लगाकर न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उन्हें निर्वस्त्र कर अपमानित किया और उन पर पेशाब करने जैसी घृणित हरकत को अंजाम दिया। इस पूरी बर्बरता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

घटना बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भरदा की बताई जा रही है। पीड़ित धमतरी जिले के ग्राम रावां निवासी हैं, जो वैध दस्तावेजों के साथ बैल व्यवसाय से जुड़े हुये थे। जानकारी के अनुसार, वे करहीभदर के प्रसिद्ध बैला बाजार में व्यापार के उद्देश्य से बैलों को ले जा रहे थे, तभी धमतरी और गुरूर क्षेत्र से पहुंचे कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के तस्कर बताकर हमला कर दिया।
आरोप है कि तथाकथित गौ-सेवकों ने पीड़ितों के कपड़े उतरवाकर उनके साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट की और उन पर पेशाब किया। इस अमानवीय कृत्य के बाद पीड़ितों की हालत गंभीर हो गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरूर पुलिस ने घटना में शामिल कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मामले का मुख्य आरोपी अब तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है। इस स्थिति को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में गौ-सेवा की आड़ में पनप रहे आपराधिक गिरोहों की ओर ध्यान खींचा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक भावनाओं को भड़काकर लूटपाट और हिंसा को अंजाम दे रहे हैं, जिससे समाज में भय और तनाव का माहौल बन रहा है।
विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि बालोद जिले का करहीभदर बैला बाजार, जो कभी पशु व्यापार का प्रमुख केंद्र था, आज बदहाली के कगार पर पहुंच चुका है। वहीं फर्जी गौ-सेवकों और तस्करों की गतिविधियां खुलेआम फल-फूल रही हैं।
फिलहाल, इस जघन्य घटना से आहत पीड़ितों के परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और मुख्य आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह मामला न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि मानवता को भी शर्मसार करने वाला है।







